
रांची: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की ओपीडी, इमरजेंसी, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती और इलाज कराने पहुंचे कई मरीजों से बातचीत की और उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने मरीजों से इलाज और अस्पताल की सुविधाओं को लेकर जानकारी ली। मरीजों की परेशानियों को देखते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान रांची सिविल सर्जन, सदर डीएस समेत कई डॉक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

