
रांची: राजधानी रांची में गुरुवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय के बाहर कांग्रेस के घेराव प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंके जाने की बात सामने आई। इसके बाद माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाने की कोशिश की। कुछ ही देर में बीजेपी कार्यालय के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शनकारी इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि पुलिस लगातार भीड़ को पीछे हटाने में जुटी रही। बीजेपी कार्यालय के बाहर सुरक्षा के लिए पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। लेकिन प्रदर्शन उग्र होने और धक्का-मुक्की बढ़ने के बाद पुलिस को हालात संभालने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। कुछ देर के लिए पूरा इलाका सियासी टकराव के मैदान में बदल गया।

धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को पीछे हटने की अपील की, लेकिन भीड़ नहीं रुकी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। लाठीचार्ज होते ही मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई प्रदर्शनकारी अलग-अलग दिशाओं में भागते दिखाई दिए।
अंडे-टमाटर फेंकने से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम की शुरुआत अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंके जाने से हुई। इसके बाद दोनों ओर से नारेबाजी तेज हो गई और माहौल लगातार तनावपूर्ण होता चला गया। जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की बढ़ी तो प्रशासन ने बल प्रयोग का फैसला लिया। फिलहाल बीजेपी कार्यालय के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है।

