दीपावली-छठ को लेकर उपायुक्त ने की बैठक, लोगों से कर दी ये अपील

रांची में दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर प्रशासन सतर्क है। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और घाटों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आगामी दीपावली, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर रांची समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और विसर्जन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी समेत बिजली, नगर निगम और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय कर सभी पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके तहत नगर निगम को सभी छठ घाटों और तालाबों का पूर्व निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुगम पहुंच मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही घाटों पर बांस से बैरिकेडिंग कराने, एनडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों की तैनाती करने तथा क्रेन की व्यवस्था रखने को कहा गया है। पर्व के दौरान घाटों पर पानी में उतरकर तैरना पूरी तरह वर्जित रहेगा।

इसके अलावा दीपावली और काली पूजा को लेकर भी प्रशासन ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, प्रतिबंधित व असुरक्षित पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रात 10 बजे के बाद ध्वनि प्रदूषण पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। प्रशासन ने सुरक्षा मानकों या नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है और सभी से त्योहारों को आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।