
रांची: राजधानी रांची के फिरदौस नगर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से गंदे पानी की सप्लाई की शिकायत मिल रही थी। वहीं लोगों को पीने के पानी के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पार्षद ने खुद मोर्चा संभाला। वार्ड 49 की पार्षद जमीला खातून और समाजसेवी रिजवान हुसैन ने तत्काल पहल की और सोमवार सुबह पीएचईडी की टीम को साथ लेकर पहुंच गए और प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कराया।
उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की तथा पानी की गुणवत्ता की जांच कराई। इस दौरान कई घरों से गंदा व दूषित पानी आने की शिकायत सामने आई। स्थानीय लोगों ने बताया कि नल से कई दिनों से बदबूदार और मटमैला पानी आ रहा है। जिससे लोगों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
निरीक्षण के दौरान पीएचईडी से आए सुजीत कुमार और सतनारायण ने प्रभावित क्षेत्रों से पानी के नमूने एकत्र किए और समस्या के कारणों का पता लगाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि पाइपलाइन में किसी प्रकार की खराबी व लीकेज की जांच की जाएगी। साथ ही जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। पार्षद ने कहा कि वार्ड वासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि गंदे पानी की सप्लाई की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। क्षेत्र के लोगों ने पार्षद और समाजसेवी रिजवान हुसैन की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि विभाग शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराएगा।

