रांची में यह ‘दुश्मन’ न घुस आये, इसके लिए एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर बढ़ा दी गयी है निगरानी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन सख्त हो गया है।

राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं। ऐसे में इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अगर यही स्थिति रही, तो लॉकडाउन (LOCKDOWN) लगाने की नौबत आ सकती है।

जानकारी के अनुसार, रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी गयी है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट मोड में आ गयी है।

यहां विमान से उतरनेवाले हर यात्री की कोरोना जांच सख्ती से शुरू कर दी गयी है। कोई यात्री जांच से छूटे नहीं, इसकी पुरजोर कवायद चल रही है।

देश में तेजी से पांव पसार रहे कोरोना के नये वेरिएंट ओमीक्रोन को देखते हुए यह पहल की जा रही है। ओमीक्रोन ने शासन-प्रशासन के कान खड़े कर दिये हैं।

गुरुवार दोपहर तक रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर तीन फ्लाइट आ चुकी थी। इनमें पुणे की फ्लाइट, दिल्ली की फ्लाइट और मुंबई की फ्लाइट रांची पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर तीनों शहरों से यहां पहुंची फ्लाइट से उतरनेवाले यात्रियों की यहां रेगुलर जांच चल रही है। गुरुवार को भी इनकी जांच की गयी।

दिल्ली में कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट को देखते हुए रांची जिला प्रशासन फिर अलर्ट है।

इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर आने और जानेवाले यात्रियों की भी कोरोना जांच शुरू कर दी गयी है। हर यात्री पर नजर रखी जा रही है। रांची एयरपोर्ट पर बाहर से आनेवाले यात्रियों के लिए 20 सदस्यीय जांच टीम की तैनाती की गयी है।

Share This Article