झारखंड में तपिश का सितम जारी! 38.7°C में उबल रहा रांची, कई जिलों में हीट वेव अलर्ट जारी, जानिए कब मिलेगी राहत

रांची समेत झारखंड में भीषण गर्मी से हाल बेहाल, 38.7 डिग्री तापमान और हीट वेव अलर्ट जारी, 24 अप्रैल से बारिश और तेज हवाओं के साथ राहत की उम्मीद

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी रांची समेत पूरा राज्य इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बिगाड़ दी है। हालात ऐसे हैं कि कई जगहों पर बादल तो दिख रहे हैं, लेकिन उमस और गर्मी और ज्यादा परेशान कर रही है। दोपहर 11 बजे के बाद ही सड़कें खाली नजर आने लगती हैं और बाजारों में सन्नाटा छा जाता है। लोग अब जरूरी कामों के लिए भी शाम 5 बजे के बाद ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। तापमान भले रिकॉर्ड के मुताबिक हो, लेकिन गर्मी का एहसास उससे कहीं ज्यादा हो रहा है।

रांची में 38.7 डिग्री तापमान, गर्म हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें

बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन असली परेशानी गर्म हवा ने बढ़ा दी, जिससे दोपहर में बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। इसका असर सबसे ज्यादा राहगीरों, दुकानदारों और रोजाना काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। तेज धूप के कारण शहर के बड़े बाजारों में दिन के वक्त भीड़ काफी कम हो गई है। सिर्फ शहर ही नहीं, गांवों में भी गर्मी का असर साफ देखा जा रहा है।

इन जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक आने वाले 24 घंटे और ज्यादा कठिन हो सकते हैं। राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों के कई जिलों में हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और दुमका जैसे जिले शामिल हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।

24 अप्रैल से मिल सकती है राहत

हालांकि, राहत की खबर भी है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 अप्रैल से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। 24 से 28 अप्रैल के बीच रांची, पलामू, धनबाद, जमशेदपुर समेत 10 से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात और आंधी को लेकर भी यलो अलर्ट जारी किया गया है, इसलिए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।