रांची में 9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम, बिना टिकट वालों का नहीं होगा जुटान

रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम और यातायात प्रबंधन की रूपरेखा तैयार की है।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धुर्वा में आगामी 9 अक्टूबर को भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच की तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर रांची के जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण से जुड़े कई अहम पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से शहर की छवि और मजबूत हो। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए गए हैं कि दोपहर 3 बजे से दर्शकों का प्रवेश शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास बिल्कुल भी जुटने न दिया जाए, जिससे किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैले। दर्शकों को केवल निर्धारित गेटों से कतारबद्ध तरीके से ही प्रवेश मिलेगा, जिसके लिए जिला प्रशासन ने खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे समय से पहुंचकर कतार में लग जाएं ताकि वे बिना किसी असुविधा के मैच का आनंद ले सकें। इसके साथ ही स्टेडियम के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु ले जाने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।

जिला प्रशासन ने शहरवासियों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने, केवल तय पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को देने का अनुरोध किया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दण्डाधिकारी धनंजय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण सहित जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Share This Article