मॉडल कॉरिडोर निर्माण को लेकर रांची नगर निगम रेस, 48 भवनों के मालिक को नोटिस

रांची में मॉडल कॉरिडोर निर्माण को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। नियमों के उल्लंघन पर 48 भवनों को नोटिस और अवैध होर्डिंग्स हटाने की तैयारी शुरू हुई।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi Municipal Corporation : रांची नगर निगम शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मॉडल कॉरिडोर विकसित कर रहा है। इसके तहत कांके रोड स्थित राम मंदिर से लेकर रातू रोड चौक, हरमू बायपास मार्ग होते हुए धुर्वा गोलचक्कर तक चरणबद्ध तरीके से मॉडल कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है।

सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम की टीम संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।

इसी कड़ी में सोमवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एन्फोर्समेंट, नगर निवेशक, राजस्व, हॉर्टिकल्चर और बाजार शाखा द्वारा पिछले दो हफ्तों से चलाई जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि निर्धारित मार्ग पर अतिक्रमण हटाने, ट्रेड लाइसेंस सत्यापन और अवैध संरचनाओं की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

नगर निवेशक शाखा द्वारा बताया गया कि अब तक नियमों के उल्लंघन पर 48 भवनों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें सड़क व सेटबैक क्षेत्र या गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण करने वाले 19 भवन, अवैध संरचना निर्माण करने वाले 21 भवन तथा आवासीय भवनों में कमर्शियल गतिविधियां संचालित करने वाले 8 भवन शामिल हैं।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि 7 दिनों के भीतर झारखंड भवन उपविधि का उल्लंघन करने वाले इन सभी भवनों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा बाजार शाखा ने जानकारी दी कि फुटपाथ और पाथवे पर अवैध रूप से लगाए गए 52 मोनोपोल, यूनिपोल और होर्डिंग्स पर नोटिस चस्पा किए गए हैं।

निगम का मानना है कि फुटपाथ पर लगे ये अवैध विज्ञापन पट्ट राहगीरों के आवागमन में बाधा डालते हैं और इनके गिरने से जन-धन की गंभीर हानि हो सकती है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए निगम ने कहा है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 और 21 के तहत हर नागरिक को सुरक्षित व बाधामुक्त होकर पैदल चलने का अधिकार प्राप्त है, जिसके तहत सड़कों के किनारे से ऐसी सभी बाधाओं को हटाया जाएगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।