मोरहाबादी में 3 और 4 सितंबर को मनेगा श्री कृष्ण जन्मोत्सव, दही हांडी प्रतियोगिता में विजेताओं को मिलेंगे बंपर इनाम

रांची के मोरहाबादी मैदान में 3 और 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्मोत्सव और दही हांडी प्रतियोगिता होगी। विजेता टीमों को 61 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची जिला श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में इस वर्ष मोरहाबादी मैदान में 3 और 4 सितंबर को दो दिवसीय भव्य श्री कृष्ण जन्मोत्सव सह दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं, जिसकी जानकारी समिति के पदाधिकारियों ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन 3 सितंबर को बच्चों के लिए ‘बाल गोपाल एवं बाल राधा’ पोशाक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता दो आयु वर्गों 6 माह से 5 वर्ष और 6 वर्ष से 12 वर्ष में होगी। इसमें भाग लेने वाले बच्चों को दोपहर 3 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण कराना होगा।

उत्सव के दूसरे दिन 4 सितंबर को बहुप्रतीक्षित दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें 18 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष और महिला गोविंदा दल हिस्सा लेंगे। पुरुष वर्ग के लिए मटकी 20 फीट और महिला वर्ग के लिए 17 फीट की ऊंचाई पर बांधी जाएगी।

प्रत्येक टीम को प्रदर्शन के लिए 5 मिनट का समय मिलेगा। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 61,000, द्वितीय को 41,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 21,000 नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाएगा तथा नशापान कर हिस्सा लेने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। निर्णायक मंडल का फैसला अंतिम होगा।

इसके अलावा 4 सितंबर की शाम झारखंड और अन्य राज्यों से आने वाले कलाकारों द्वारा भव्य भजन संध्या और श्री कृष्ण के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस अवसर पर पूरे मोरहाबादी क्षेत्र को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा और भगवान श्री कृष्ण का भव्य झूलन भी लगाया जाएगा।

प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रवेश फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 2 सितंबर तय की गई है। प्रेस वार्ता में मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद, संरक्षक डॉ. राजेश गुप्ता छोटू, अध्यक्ष बिनोद गोप, उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, सचिव रोहित सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल सिंह, कोषाध्यक्ष दीपक गुप्ता सहित नरेंद्र सिंह, वेद प्रकाश तिवारी, संतोष सहाय, अभिनव कुमार, सौरभ सिंह, नीरज सिंह और राम सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।