
रांची: रांची में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी को लेकर शनिवार को समाहरणालय में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की, जबकि वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय मुहर्रम कमेटी, विभिन्न अखाड़ा समितियों तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में मुहर्रम के सफल आयोजन को लेकर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्गों की मरम्मत, एम्बुलेंस, यातायात प्रबंधन और अखाड़ों के लाइसेंस निर्गत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न अखाड़ा समितियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें और सुझाव रखे।
उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन और पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन और पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। वहीं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी अखाड़ा समितियों को स्थानीय थाना के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित रूट से ही जुलूस निकालने तथा उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया। वहीं एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से जुलूसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी की जाएगी।


