


Ranchi Municipal Corporation on alert for Sarhul: राजधानी रांची में आने वाले सरहुल, ईद और रामनवमी पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को अपर प्रशासक संजय कुमार ने निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहारों को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए जरूरी निर्देश दिए।





बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष सफाई और सुविधाओं की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।
धार्मिक स्थलों के आसपास चलेगा सफाई अभियान
बैठक में बताया गया कि शहर के 53 वार्डों में स्थित 298 सरना स्थल, अखड़ा, ईदगाह, मस्जिद और रामनवमी के प्रमुख मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। झाड़ू लगाने, कचरा उठाने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नियमित रूप से किया जाएगा ताकि साफ-सफाई बनी रहे।
जुलूस मार्गों पर विशेष व्यवस्था
रामनवमी के जुलूस मार्गों पर मैकेनिकल मशीनों से सफाई की जाएगी और पानी का छिड़काव भी किया जाएगा। सफाईकर्मी तीन शिफ्ट में काम करेंगे। लोगों की सुविधा के लिए मुख्य सड़कों पर पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट भी लगाए जाएंगे।
बिजली और सड़क व्यवस्था पर भी ध्यान
विद्युत विभाग को खराब स्ट्रीट लाइट ठीक करने और जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
इंफोर्समेंट शाखा को मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने को कहा गया है। साथ ही रामनवमी के दिन शहर में मांस और मछली की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
नागरिकों से सहयोग की अपील
अभियंत्रण विभाग को सड़कों के गड्ढे भरने और खुली नालियों को ढकने का निर्देश दिया गया है। वहीं हॉर्टिकल्चर विभाग जुलूस मार्गों पर पेड़ों की शाखाओं की छंटाई करेगा।
नगर निगम ने नागरिकों से साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है। किसी भी समस्या की सूचना देने के लिए निगम का कंट्रोल रूम नंबर 18005701235 जारी किया गया है।
