रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 13 नवंबर से शुरू होने वाले इस पर्व को देखते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शहर के सभी तालाबों और छठ घाटों की साफ-सफाई कराने और जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी छठ घाटों और उनके आसपास के इलाकों में सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, जिन तालाबों और घाटों में पानी ज्यादा गहरा है, वहां लाल फीते से निशान लगाने को कहा गया है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचाया जा सके। इसके अलावा, तालाबों और छठ घाटों के आसपास खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक आने-जाने में होने वाली परेशानियों से बचाना है, ताकि पर्व के दौरान उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो।
नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि इन सभी कामों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पूरा किया जाए। निगम का लक्ष्य है कि समय-सीमा के भीतर सभी छठ घाटों को व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया जाए, ताकि छठ पूजा के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


