सिरमटोली फ्लाईओवर का रैंप बनाने का काम शुरू

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi News: रांची के सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप का काम शुक्रवार को शुरू कर दिया गया है। बड़ी संख्या में एलएंडटी के वर्कर रैंप निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं। रैंप निर्माण कार्य का विगत दिनों विरोध देखते हुए स्थानीय प्रशासन की सहायता ली जा रही है।

सिरमटोली चौक पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है। सिटी SP, ADM लॉ एंड ऑर्डर व कई DSP थानेदार मौजूद हैं।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार देर रात जैसे ही कंस्ट्रक्शन कंपनी के जरिये रैंप निर्माण का काम शुरू किया गया, निर्माण का विरोध करने के लिए देर रात कई लोग सिरम टोली पहुंच गए। इस दौरान पूरे सिरम टोली चौक को पुलिस छावनी में तब्दील करना पड़ा।

आधी रात तक रैंप का विरोध कर रहे लोगों के साथ रांची पुलिस जूझती रही। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ।

आदिवासी संगठन के विरोध को देखते हुए पूरे सिरमटोली चौक को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। आनन -फानन में रांची के सिटी SP, DSP सहित कई थानेदार मौके पर पहुंचे।

इस दौरान पुलिस और रैंप विरोधी लोगों के बीच जमकर कहासुनी हुई। डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद के साथ विरोध कर रही कई महिलाओं ने धक्का-मुक्की की। आदिवासी संगठनों का आरोप है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से आदिवासियों को धोखा दिया जा रहा है। सरना स्थल को लेकर रैंप का विरोध समाज के द्वारा किया जा रहा है लेकिन सरकार पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए है।

अब इस मामले को लेकर सरकार का ही विरोध किया जाएगा।

रांची पुलिस के कई अफसर और 100 से ज्यादा जवान आधी रात तक सिरमटोली में भीड़ से जूझते रहे। काफी समझाने के बाद भी जब भीड़ नहीं मानी तब सभी को हिरासत में लेकर बस में बिठा कर उन्हें सिरमटोली से हटाया गया।

फिलहाल सिरमटोली को लेकर अभी भी माहौल तनावपूर्ण है। इसे देखते हुए सिरमटोली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Share This Article