
रांची: श्रावण माह के पावन अवसर पर पहाड़ी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार 29 जुलाई को महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने पहाड़ी मंदिर पहुंचकर सबसे पहले बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और राज्य की समृद्धि की कामना की।
इसके बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने मंदिर परिसर तथा आसपास के इलाकों का सघन निरीक्षण कर श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महापौर और उप महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, दुरुस्त स्ट्रीट लाइट, पर्याप्त शौचालय और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था हर हाल में समय पर पूरी कर ली जाए।
उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि मेले के दौरान देवघर की तर्ज पर पहाड़ी मंदिर आने वाले शिवभक्तों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर वार्ड 29 के पार्षद सुनील यादव, सुनील माथुर, पंकज चौधरी, जितेंद्र पहलवान, शैलेश जायसवाल, राजन कुमार समेत मंदिर समिति के कई अन्य सदस्य और निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।

