सोती रही रांची पुलिस और पंडरा के युवक की हो गई हत्या, पुलिस पेट्रोलिंग की खुली पोल

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में अपराध इस कदर बढ़ गया है कि कब कहां क्या हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता है। जी हां, टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा सोरेन चैक युवक की गोली मारकर हत्या इसका ताजा उदाहरण है।

घटना बुधवार की रात लगभग 1 बजे की है, जहां बाइक से आए दो अज्ञात अपराधियों ने ट्रक में सो रहे युवक को गोलियों से भून डाला और आराम से निकलते बने। वहीं, युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान पंडरा निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल से दो खोखा भी बरामद किया गया है।

क्या है मामला

इस संबंध में ट्रक ओनर भगवान पंडित ने बताया कि वह मृतक गोलू के साथ ओडिशा से काजू लेकर रांची आए थे। दोनों टाटीसिल्वे इलाके में काजू खाली करवा के लौट रहे थे।

इसी क्रम में भगवान पंडित जो ट्रक के ड्राइवर भी हैं उन्होंने ट्रक को दुर्गा सोरेन चौक के पास पार्क करके गोलू के हवाले कर दिया और खुद चटकपुर स्थित अपने घर सोने के लिए चले गए। सुबह उन्हें हत्या की जानकारी दी गई।

ट्रक में सुरक्षित मिले 25 हजार रुपए

भगवान पंडित ने बताया कि ओडिशा से रांची काजू लाने का किराया उन्हें 25 हजार रुपए मिला था, जिसे उन्होंने ट्रक में ही छिपा रखा था।

इसकी जानकारी उन्होंने अपने सहयोगी गोलू को भी नहीं दी थी। हालांकि घटना के बाद वो पैसा ट्रक में उसी तरह सुरक्षित है।

पुलिस पेट्रोलिंग की खुली पोल

बता दें कि दुर्गा सोरेन चौक रांची के व्यस्ततम इलाकों में से एक है। जमशेदपुर, बंगाल से रात भर यहां से गाड़ियाें का आना-जाना लगा रहता है।

इस इलाके में रातभर पीसीआर की टीम पेट्रोलिंग करती रहती है। ऐसे में सरेआम गोली मार कर मर्डर की घटना को अंजाम दे देना पुलिसिया कार्यशैली पर तो सवाल खड़े करते ही हैं।

Share This Article