
रांची: रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ सीआईबी और आरपीएफ पोस्ट रांची की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई 9 अगस्त को एक विशेष जांच अभियान के तहत की गई। ट्रेन संख्या 15027 मौर्या एक्सप्रेस के कोच बी-9 से उतर रहे 16 वर्षीय नाबालिग सुमित कुमार को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके दो बैगों से 13 पैकेटों में भरा 16 किलो गांजा मिला।
मौके पर पहुंचे आरपीएफ रांची के सहायक सुरक्षा आयुक्त की मौजूदगी में आगे की प्रक्रिया पूरी की गई।
आरोपी के पास से दो रेलवे टिकट और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। जब्त सामान और गांजे को कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) थाना, रांची को सौंप दिया गया है।
टीम में निरीक्षक लाल बहादुर, प्रधान आरक्षी के.एम.ए. सिंह, संजय कुशवाहा, सी.के. सिंह और आरपीएफ पोस्ट रांची उप निरीक्षक एस.के. सिंह, आरक्षी दिलीप कुमार एवं आरक्षी मुंतजीर अंसारी शामिल थे।

