
रांची: रांची के रातू रोड स्थित दुर्गा मंदिर क्षेत्र में गुरुवार की सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के कारोबार पर एक्शन लिया। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने रतनलाल कॉम्प्लेक्स में डेयर’ में औचक छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में नकली पनीर और इसे तैयार करने की सामग्रियां जब्त की गईं। दुर्गा मंदिर के आसपास की डेयरियों में रसायनों और घातक मिलावटी सामानों से नकली पनीर बनाकर बेचे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम ने सुबह-सुबह डेयरी परिसर में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में तैयार नकली पनीर के अलावा पाम ऑयल, रसायन और संदिग्ध पाउडर बरामद हुआ, जिनका इस्तेमाल इसे बनाने में किया जा रहा था। शुरुआती जांच में जब्त पनीर की गुणवत्ता बेहद घटिया और सेहत के लिए गंभीर रूप से हानिकारक पाई गई है। विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा हुआ है।

