


रांची: रांची के सदर अस्पताल में अब पेट, गैस, एसिडिटी, अल्सर, लिवर, पीलिया और आंतों से जुड़ी बीमारियों के मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा। अस्पताल में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग (पेट एवं लिवर रोग) की सेवाओं को नियमित करने के लिए तीन विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति कर दी गई है। इससे लंबे समय से चली आ रही डॉक्टरों की कमी दूर होगी और मरीजों को रोजाना सुबह की ओपीडी में भी परामर्श मिल सकेगा।
अब तक सदर अस्पताल में पेट और लिवर से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए कोई नियमित डॉक्टर मौजूद नहीं था और यह जिम्मेदारी ऑन-कॉल डॉक्टरों पर निर्भर थी, जो अक्सर देर शाम या रात के समय ही मरीजों को देख पाते थे। इस वजह से दिन में आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श नहीं मिल पाता था और उन्हें निजी या बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। सदर अस्पताल में रोज बड़ी संख्या में पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याओं के मरीज पहुंचते हैं।
अस्पताल प्रबंधन की इस नई व्यवस्था के तहत अब तीन डॉक्टरों की नियुक्ति के साथ सुबह की ओपीडी सेवा शुरू की जा रही है, जिससे बीमारियों की शुरुआती चरण में ही पहचान हो सकेगी। नियमित जांच और ओपीडी सेवा शुरू होने से मरीजों को समय पर सही सलाह मिलेगी और जरूरत पड़ने पर आगे के गंभीर इलाज के लिए भी सही मार्गदर्शन मिल सकेगा। इस पहल से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।





