
रांची: रांची नगर निगम (RMC) 8 अगस्त से ‘सखुआ महोत्सव-2026’ की शुरुआत करने जा रहा है, जिसके तहत पूरे अगस्त महीने में शहरभर में 10,000 सखुआ (साल) के पौधे लगाने और उनके संरक्षण का जनअभियान चलाया जाएगा। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई एक समीक्षा बैठक में इस व्यापक पौधारोपण अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
इस हरित अभियान का औपचारिक शुभारंभ 8 अगस्त को ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले चुटिया स्थित इक्कीससो महादेव मंदिर परिसर से किया जाएगा। इसके बाद पूरे अगस्त माह के दौरान निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों, पार्कों, सड़कों के किनारे और धार्मिक स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से सखुआ के पौधे रोपे जाएंगे।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी ताकि वे बड़े होकर एक घने वृक्ष का रूप ले सकें। सखुआ (साल) को केवल एक पेड़ न मानकर झारखंड की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक धरोहर का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य नागरिकों में इसके संरक्षण की भावना जगाना है।
इस पहल से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में भी मदद मिलेगी। सखुआ के पत्तों से बने दोना-पत्तल का उपयोग बढ़ाने से सिंगल-यूज प्लास्टिक और थर्मोकोल पर निर्भरता कम होगी, जिससे भूमि व जल प्रदूषण पर रोक लगेगी।
इस अभियान में आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों, उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों को जोड़कर हर व्यक्ति को ‘हरित दूत’ बनाने की योजना है। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से इस अभियान से जुड़ने, पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेकर रांची को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-सुरक्षित बनाने की अपील की है।

