आदित्यपुर की ग्लोरिया इंजीनियरिंग में सिलेंडर ब्लास्ट: 7 मजदूर घायल, इलाज के दौरान एक की मौत

आदित्यपुर की ग्लोरिया इंजीनियरिंग में सिलेंडर ब्लास्ट से सात मजदूर घायल हुए। इलाज के दौरान एक ऑपरेटर की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Cylinder Blast : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट में घायल 30 वर्षीय मजदूर मुरली पात्रो की इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में मौत हो गई। इस हादसे में महिला कर्मी समेत कुल 7 मजदूर घायल हुए थे, जिनमें एक की जान चली गई है।

गुरुवार दोपहर फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतक मुरली पात्रो, जो गम्हरिया निवासी थे, कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

अन्य घायलों में सूरज हांसदा, सोनामुनी टुडू और अनिल यादव का इलाज TMH में जारी है, जबकि शैलेन्द्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा का उपचार स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में चल रहा है। सभी घायलों की हालत पर डॉक्टर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

प्रारंभिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट की पुष्टि हुई है, लेकिन विस्फोट का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। साथ ही फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से इस हादसे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।