पार्षदों से बोली महापौर, सखुआ महोत्सव को सफल बनाने में करें सहयोग

रांची में सखुआ महोत्सव को सफल बनाने के लिए महापौर रोशनी खलखो ने पार्षदों से सहयोग की अपील की। एक माह तक शहरभर में पौधारोपण और जागरूकता अभियान चलेगा।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: नगर निगम कार्यालय में आज महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में उपमहापौर नीरज कुमार और शहर के सभी 53 वार्डों के पार्षदों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित ‘सखुआ महोत्सव’ की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद महापौर रोशनी खलखो ने बताया कि नगर निगम सखुआ महोत्सव को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए उत्साहित है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में सभी सामाजिक संगठनों, वार्ड पार्षदों और समाज के प्रबुद्ध लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सामूहिक सहयोग से ऐसे स्थान का चयन किया जा सके जहां बड़ी संख्या में पौधारोपण किया जाए।

महापौर ने कहा कि महोत्सव में सखुआ के साथ-साथ झारखंड की प्राकृतिक विरासत से जुड़े अन्य स्थानीय पेड़ जैसे महुआ, पलाश, कुसुम और डाहू समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य राज्य की जैव विविधता और प्राकृतिक पर्यावरण का संरक्षण करना है। उन्होंने ये भी बताया कि पहले इस कार्यक्रम को 8 अगस्त को आयोजित करने की योजना है। महोत्सव की शुरुआत इक्कीसो महादेव स्थल से की जाएगी, जहां युद्धस्तर पर साफ-सफाई और अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं। इस स्थल को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

महापौर ने आगे कहा कि महादेव स्थल लंबे समय तक झाड़ियों के कारण उपेक्षित रहा, लेकिन अब इसकी साफ-सफाई के बाद ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता सामने आ रही है। नगर निगम का उद्देश्य इस स्थल को जन-जन तक पहुंचाना और इसकी पहचान को और मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि सखुआ महोत्सव की शुरुआत इक्कीसो महादेव से होगी और इसके बाद एक महीने तक शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पार्षदों के साथ सामाजिक संगठन भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

Share This Article