
रांची : रांची के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र अपर बाजार में रांची नगर निगम की नोटिस से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। निगम ने यहां की 608 दुकानों को खाली करने का नोटिस जारी किया है। योजना के तहत इस जगह पर मल्टीस्टोरी बिल्डिंग बनाई जानी है। व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम वर्षों से यहां टैक्स और किराया वसूलता रहा है, लेकिन सड़क, जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं दी गईं। हर बारिश में अपर बाजार की सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, जिससे कारोबार भी प्रभावित होता है।
रांची नगर निगम किरायेदार संघ के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि अपर बाजार राज्य का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र है, जहां वर्ष 1940 से दुकानें चल रही हैं। पहले व्यापारियों को जमीन दी गई थी और उन्होंने अपने खर्च पर दुकानें बनाईं। अब यहां तीसरी पीढ़ी कारोबार कर रही है। कई व्यापारियों का दावा है कि यह जमीन रातू महाराज ने व्यापारियों को बसाने के लिए नगर निगम को दी थी, लेकिन अब इससे जुड़े दस्तावेज मिलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में व्यापारी अपनी दुकानों और भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

