रिम्स में क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन, स्वास्थ्य मंत्री बोले – अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए नहीं जाना होगा दूसरे राज्य

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। रिम्स परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक क्षेत्रीय नेत्र संस्थान (रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ आप्थाल्मोलॉजी) का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने किया। इस संस्थान के शुरू होने से अब राज्य के लोगों को आंखों से जुड़ी गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज व ऑपरेशन के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इस दौरान कांके विधायक सुरेश बैठा सहित स्वास्थ्य विभाग और रिम्स के कई वरिष्ठ अधिकारी व चिकित्सक उपस्थित रहे।

राज्य में ही मिलेगा वर्ल्ड-क्लास इलाज

समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य झारखंड के हर नागरिक को अपने ही राज्य में बेहतर, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब तक आंखों की गंभीर समस्याओं और जटिल ऑपरेशनों के लिए मरीजों को विवश होकर दूसरे राज्यों के बड़े अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उन पर आर्थिक बोझ भी बढ़ता था। लेकिन अब इस संस्थान के चालू होने से मोतियाबिंद, रेटिना की बीमारियों समेत आंखों के सभी जटिल ऑपरेशन और इलाज इसी कैंपस में अत्याधुनिक मशीनों द्वारा किए जाएंगे।

स्वास्थ्य ढांचे को मिलेगी मजबूती

स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा जताया कि यह संस्थान झारखंड के स्वास्थ्य ढांचे को एक नई और मजबूत दिशा देगा। वहीं, मौके पर मौजूद कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने भी सरकार के इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के शुरू होने से राज्य के हजारों गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें अब इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यह नया रीजनल इंस्टीट्यूट आप्थाल्मोलॉजी रिम्स की चिकित्सा सुविधाओं में एक क्रांतिकारी बदलाव साबित होने जा रहा है, जिससे पूरे राज्य के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।