खूंटी में 24 घंटे के भीतर सुलझा बुजुर्ग महिला हत्याकांड, डायन-बिसाही के शक में हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

खूंटी के सायको थाना क्षेत्र में 75 वर्षीय महिला हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया, डायन-बिसाही के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी: खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र स्थित किटाहातु गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला एतवारी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे डायन-बिसाही का आरोप वजह बना। पुलिस के मुताबिक, सायको थाना कांड संख्या 12/2026, दिनांक 2 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। 2 जुलाई की दोपहर किटाहातु गांव निवासी 75 वर्षीय एतवारी देवी, पति स्वर्गीय थेता मुंडा उर्फ लाडुरु मुंडा की अज्ञात लोगों ने बांस और पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या कर दी थी।

घटना के बाद मृतका के पुत्र बिसरा मुंडा की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने किटाहातु गांव से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए खून से सने दो बांस के टुकड़े और एक पत्थर भी बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनाय मुंडा (20 वर्ष), पिता मांगा मुंडा और मंगल मुंडा (19 वर्ष), पिता स्वर्गीय शनिका मुंडा, दोनों निवासी किटाहातु गांव, थाना सायको, जिला खूंटी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे भी जांच जारी है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा, थाना प्रभारी प्रभात रंजन पाण्डेय समेत सायको थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।