शबरिमला को मिल्मा घी की आपूर्ति में अनियमितता की जांच करेगी अपराध शाखा: के. मुरलीधरन

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तिरुवनंतपुरम : केरल के देवस्वोम मंत्री के. मुरलीधरन ने मंगलवार को कहा कि शबरिमला मंदिर में मिल्मा घी की आपूर्ति में कथित अनियमितताओं की जांच राज्य पुलिस की अपराध शाखा को सौंपी जाएगी। मंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि देवस्वोम सतर्कता पुलिस अधीक्षक को इस मामले से जुड़ी सभी फाइल सुरक्षित रखने और उन्हें अपराध शाखा को सौंपने का निर्देश दिया गया है।

मुरलीधरन ने कहा कि मामले की जांच अपराध शाखा को सौंपी जा रही है क्योंकि मंदिर में आपूर्ति किए गए घी में मिलावट का आरोप है। उन्होंने कहा, ‘‘जो घी खरीदा गया था, वह सन्निधानम नहीं पहुंचा।’’ यह कदम केरल उच्च न्यायालय के उस निर्देश के एक दिन बाद उठाया गया है जिसमें मामले की जांच सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो से कराने को कहा गया था।

उच्च न्यायालय का मानना है कि मुख्य सतर्कता एवं सुरक्षा अधिकारी की शुरुआती जांच के दौरान जुटाई गई जानकारी से प्रथम दृष्टया यह संकेत मिलता है कि ‘मिल्मा’ से घी की आपूर्ति के मामले में त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के कुछ सदस्यों और अधिकारियों की मिलीभगत रही होगी।अदालत का यह भी मानना है कि प्रथम दृष्टया इससे बोर्ड को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। मिल्मा के अध्यक्ष के.एस. मणि ने सोमवार को उन आरोपों को खारिज कर दिया कि शबरिमला मंदिर में घी की आपूर्ति से जुड़ी कथित गड़बड़ी में डेयरी सहकारिता की कोई भूमिका थी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।