Casino Ads में अपनी तस्वीरों के इस्तेमाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे सचिन तेंदुलकर

News Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने एक कैसीनो का प्रचार करने के लिए अपनी छेड़छाड़ की गई तस्वीरों का इस्तेमाल किए जाने पर दुख जताया है और कहा है कि वह जल्द ही अपनी तस्वीरों के दुरुपयोग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

तेंदुलकर ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर एक कैसीनो के विज्ञापनों के साथ उनका कोई संबंध नहीं है, जिसमें उनकी तस्वीर लगी है।

तेंदुलकर ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक बयान में कहा, यह मेरे संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं, जिसमें एक फोटो से छेड़छाड़ की गई है और मुझे एक कैसीनो का समर्थन करते हुए दिखाया गया है।

हमेशा एक बेदाग छवि बनाए रखने वाले तेंदुलकर ने कहा, मैंने कभी भी व्यक्तिगत रूप से जुआ, तंबाकू या शराब का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन नहीं किया है। यह देखकर दुख होता है कि मेरी तस्वीरों का इस्तेमाल लोगों को गुमराह करने के लिए किया जा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे सफल बल्लेबाज भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान ने सभी से सोशल मीडिया पर भ्रामक तस्वीरों के बारे में सतर्क रहने का अनुरोध किया।

महान क्रिकेटर ने बयान में कहा, जबकि मेरी कानूनी टीम आवश्यक कार्रवाई कर रही है, मुझे लगा कि मेरे लिए यह जानकारी सभी के साथ साझा करना महत्वपूर्ण है।

Share This Article