सहारनपुर: कार डिवाइडर से टकराने से तीन युवकों की मौत, दो घायल

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नागल क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकरा जाने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सहारनपुर (उप्र): सहारनपुर जिले में नागल क्षेत्र में रविवार तड़के तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकरा जाने से तीन युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे में मारे गये युवकों की पहचान आगरा निवासी साहिल तिवारी (25), राहुल सिंह (25) और सक्षम उपाध्याय (23) के रूप में हुई है जबकि घायलों की पहचान सचिन और हेमंत के रूप में की गई है, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक (यातायात) शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि पांचों युवक शनिवार रात करीब नौ बजे आगरा से मसूरी जाने के लिए कार से निकले थे। उन्होंने बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकरायी।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार तेज गति से चल रही थी और आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।

श्रीवास्तव ने बताया कि हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके शीशे टूटकर सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए।

श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे पांचों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि घायल सचिन और हेमंत को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे की सूचना युवकों के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद उनके परिजन सहारनपुर के लिए रवाना हो गए।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।