साहेबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की का रांची में हुआ अंतिम संस्कार, नम आंखों से दी गई विदाई

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: साहेबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की का शव बुधवार को रांची स्थित पैतृक गांव रातू लाया गया। इसके बाद रातू में ही शव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में आसपास के लोग मौजूद थे।

इस दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों की आंखें नम थी। कोई दुख प्रकट कर रहा था तो कई लोग इस घटना से गुस्से में थे।

परिजनों के अलावा स्थानीय लोगों ने भी कहा कि रूपा आत्महत्या नहीं कर सकती है। रूपा की हत्या की गई है। रूपा के परिजनों ने सरकार से निष्पक्ष जांच कर इंसाफ की मांग की है।

मौके पर कांग्रेस विधायक बंधु तिर्की रूपा तिर्की के पैतृक आवास रातू के काठीटांड़ में उनकी अंत्येष्टि में शामिल हुए।

उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।

बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की आत्महत्या मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि सोमवार रात साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की ने अपने आवास में आत्महत्या कर ली, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस अवर निरीक्षक रूपा तिर्की किसी बड़ी साजिश की शिकार हुईं हैं।

वह मूल रूप से रांची की रहने वाली थी और रूपा रांची के प्रतिष्ठित जेवियर कॉलेज की मेधावी छात्रा रही हैं।

इधर, साहेबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की मौत के बाद अब जस्टिस फॉर रूपा ने रफ्तार पकड़ ली है। फेसबुक, व्हाट्सएप और टि्वटर पर लगातार यह ट्रेंड कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि रूपा का शव अपने ही आवास के कमरे में पंखे से झूलता हुआ बरामद हुआ था।

सोमवार की देर शाम रूपा की फांसी लगाकर आत्महत्या करने की खबर आई थी।

रूपा की मां ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे रूपा से उसकी बात हुई थी।

बातचीत के दौरान रूपा ने बताया था कि उसने जो पानी पिया है, वह दवाई जैसा लग रहा है।

मां ने बताया कि उसकी सहकर्मी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी मनीषा और नगर थाना में पदस्थापित ज्योत्सना उसकी पदोन्नति से जलते थे।

रूपा ने साहेबगंज में ही प्रशिक्षण प्राप्त की थी। इसके बाद साहेबगंज में उन्हें जिला का पहला महिला थाना प्रभारी के रूप में पदस्थापित किया गया था।

Share This Article