
Sahibganj Cyber Fraud: झारखंड के साहिबगंज जिले में सरकारी योजनाओं के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। जिला प्रशासन ने इसको लेकर अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात साइबर अपराधी लोगों को फोन कॉल कर कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले योजना समेत अन्य योजनाओं का लालच दे रहे हैं। ठग लोगों को यह कहकर झांसा देते हैं कि उनके बैंक खाते में योजना की राशि भेजी जा रही है, जिसके लिए उन्हें एक लिंक पर क्लिक करना होगा या मोबाइल पर आए OTP साझा करना होगा।
ऐसे हो रही ठगी
जैसे ही लोग लिंक पर क्लिक करते हैं या OTP साझा करते हैं, उनके बैंक खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समाज कल्याण विभाग कभी भी इस तरह फोन कर लाभुकों से जानकारी नहीं मांगता।
जागरूकता अभियान शुरू
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और अन्य कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें। ग्राम सभा, बैठकों और जनसमूह के माध्यम से लोगों को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं।
क्या करें, क्या न करें
* किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें
* OTP, बैंक डिटेल या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें
* संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें
शिकायत के लिए हेल्पलाइन
अगर किसी व्यक्ति को इस तरह का कॉल आता है या वह ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत साइबर थाना या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है, “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी जागरूकता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।”

