
Sahibganj News: साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में हुई युवक की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक लाख रुपये की सुपारी लेकर हत्या करने वाले गोड्डा के शूटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बरहरवा एसडीपीओ नितिन कुमार खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 8 मई को बरहेट थाना क्षेत्र के उजली गांव में सीताराम हेंब्रम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर एसआईटी टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई जेठा हेंब्रम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश रची गई थी और इसके लिए गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के धनकुंडा गांव निवासी शूटर झारखंडी दादा उर्फ ताला मरांडी को सुपारी दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए एक लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें 40 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। आरोपी बेटका टुडू उर्फ पुष्पराज, जो हाल ही में जेल से बाहर आया था, ने शूटर से संपर्क कराया था। इसके बाद आरोपियों ने मौका देखकर सीताराम हेंब्रम की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।

