
नयी दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने कारोबार के विस्तार को गति देने के लिए इस वर्ष 1,500 ‘प्रोबेशनरी’ यानी प्रशिक्षु अधिकारियों की भर्ती करने की योजना बनाई है। एसबीआई में पीओ के कुल 1500 पदों पर भर्ती जाएगी, जिसमें जनरल उम्मीदवारों के लिए कुल 588 पद, ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 144 पद, ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 390 पद, एसटी उम्मीदवारों के लिए 144 पद और एससी उम्मीदवारों के लिए 234 पद आरक्षित किए गए हैं।
योग्यता और आयु सीमा की बात करें, तो उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है।आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। एससी और एसटी वर्ग को अधिकतम 5 वर्ष, जबकि ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष की छूट दी जाएगी।
महत्वपूर्ण तारीखों की बात करें, तो एसबीआई पीओ भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 है। प्रारंभिक परीक्षा यानी Prelims अगस्त 2026 में आयोजित होगी, जबकि मुख्य परीक्षा (Mains) सितंबर 2026 में होगी।
चयनित उम्मीदवारों को ₹48,480 के मूल वेतन के साथ अन्य निर्धारित भत्तों का लाभ भी मिलेगा। अगर आपने अभी तक आवेदन नहीं किया है, तो अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।

