अंकित बालियान हत्याकांड : पुलिस गोगी गिरोह की संलिप्तता की जांच कर रही

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या से सनसनी, सोशल मीडिया पोस्ट में गोगी गिरोह ने ली जिम्मेदारी, पुलिस दावे की सच्चाई और आरोपियों की तलाश में जुटी

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुजफ्फरनगर (उप्र): शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या की जांच में उस समय नया मोड़ आया, जब सोनीपत के रहने वाले और गोगी गिरोह से कथित रूप से जुड़े एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पोस्ट कर इस हत्या की जिम्मेदारी ली। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस पोस्ट के बाद पुलिस हत्या से इसके संभावित जुड़ाव की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह दावा सही है या नहीं। इस बीच, बालियान का बृहस्पतिवार को उनके पैतृक गांव बंतीखेड़ा स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। हरियाणा के सोनीपत स्थित भोलू शाहपुरी नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया है कि बालियान की हत्या के लिए गोगी गिरोह जिम्मेदार है अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने बालियान के पिता सतवीर की शिकायत पर चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ़्तार करने के लिए कई टीम बनाई गई हैं, जिनमें से चार टीमों को हरियाणा भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर बालियान बुधवार शाम करीब छह बजकर 45 मिनट पर शामली के शहर कोतवाली इलाके में एक जिम से निकल रहे थे तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में चार लोग दो मोटरसाइकिल पर आते और गोली चलाने के बाद भागते हुए दिख रहे हैं। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और बालियान के परिजन तथा अन्य लोगों ने शामली में एक सड़क पर रास्ता जाम कर दिया। अधिकारियों के समझाने-बुझाने और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम खुल सका।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।