
Ganja Smuggling : सिमडेगा पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 43 किलो गांजा, तीन पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर बिहार और उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार के जरिए ओडिशा के बालांगीर से भारी मात्रा में गांजा की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर डीएसपी हेडक्वार्टर रणवीर सिंह और एसडीपीओ बैजू उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टुकूपानी के पास एक वाहन की जांच के दौरान दुर्गेश कुमार सिंह और दीपेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में एक ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और 43 किलो गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अभिषेक रॉय और उछवा प्रधान को भी दबोच लिया। जांच में सामने आया कि अभिषेक दूसरी गाड़ी से गांजा लदी कार को स्कॉर्ट कर रहा था। उसके पास से दो पिस्टल और दो मैगजीन बरामद किए गए। वहीं उछवा प्रधान पर बालांगीर में गांजा उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी गांजा की खेप को बिहार और उत्तर प्रदेश में खपाने की योजना बना रहे थे। फिलहाल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।

