डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए तेजप्रताप यादव

News Aroma
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में मंगलवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के आवास पर आयोजित चूड़ा-दही भोज में लालू यादव के बड़े बेटे और जजद के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव शामिल हुए। इस भोज में सत्ता और सियासत दोनों का अनोखा संगम दिखा। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के हाथों दिए गए तिलकुट खाकर उन्हें मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। इस भोज में तेज प्रताप की मौजूदगी को राजनीतिक गलियारों में खास नजरिए से देखा जा रहा है।

दही-चूड़ा भोज में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि मकर संक्रांति के भोज का अपना अलग महत्व होता है और इस दिन कुछ नया जरूर होता है। उन्होंने कहा कि मैं अपना धर्म निभाने आया हूं। मकर संक्रांति का भोज परंपरा का हिस्सा है और मैं घूमते-फिरते रहता हूं। भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर तेज प्रताप यादव ने सीधा इनकार तो नहीं किया, लेकिन सवाल को टालते हुए मुस्कुराकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा में शामिल होने की बात होगी तो मीडिया को सबसे पहले मैं ही सूचित करूंगा। अभी यह बात क्यों बताऊं?” तेज प्रताप यादव ने यह भी साफ किया कि वह खुद मकर संक्रांति के अवसर पर चूड़ा-दही भोज का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज ही वह अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को व्यक्तिगत रूप से भोज का निमंत्रण देने जाएंगे। तेज प्रताप ने कहा कि मेरे मकर संक्रांति के भोज में सभी लोग आएंगे। उनके इस बयान से यह संकेत भी मिला कि वे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी को साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तेज प्रताप यादव के भोज में शामिल होने पर कहा कि ऐसे आयोजनों से आपसी सौहार्द बढ़ता है। उन्होंने कहा कि हम एक साथ आएंगे तो बिहार को और आगे ले जाएंगे। ‘एक बिहारी सब पर भारी’ के भाव को जगाना है।

वहीं, भोज के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे और हम पार्टी के नेता संतोष सुमन ने तेजप्रताप यादव को खुले तौर पर एनडीए में शामिल होने का ऑफर दे दिया। संतोष सुमन ने कहा कि अगर तेजप्रताप हमारे साथ आते हैं, तो उनका स्वागत है। इसी कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने भी तेजप्रताप यादव को एनडीए में आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप ने दही-चूड़ा भोज का निमंत्रण दिया है। हम उनके यहां खाने जाएंगे। अगर वे एनडीए में आना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है। इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई अटकलें तेज हो गई हैं।

भोज के दौरान विजय सिन्हा पूरी तरह पारंपरिक अंदाज में नजर आए। उन्होंने खुद अपने हाथों से मेहमानों को दही-चूड़ा परोसा। इतना ही नहीं, विजय सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अपने हाथों से मिठाई खिलाई। यह तस्वीर भी चर्चा का विषय बना रहा। मकर संक्रांति के बहाने हुई यह मुलाकात आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में क्या नया मोड़ लाएगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं। बता दें कि विजय सिन्हा के घर पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय चौधरी, संतोष सुमन, संजय झा, मंगल पांडेय, संजय पासवान, संजय सिंह समेत कई मंत्री शामिल हुए। विजय सिन्हा ने इस अवसर पर भाजपा के नेताओं के साथ-साथ एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया था।

Share This Article