

रांची: खूंटी के पहड़ा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में आज आदिवासी समुदायों ने झारखंड बंद का आह्वान किया. इस बंद का असर राजधानी रांची में साफ नजर आया. सुबह से ही शहर के कई इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. अल्बर्ट एक्का चौक और करमटोली चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर दुकानों के शटर गिरे रहे और सड़कों पर आवाजाही कम दिखी.





सड़कों पर उतरे आदिवासी संगठन
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलु मुंडा के नेतृत्व में अलग-अलग आदिवासी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे. सभी ने एक स्वर में हत्यारों को फांसी देने और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह हत्या आदिवासी समाज के खिलाफ की गई एक सुनियोजित साजिश है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अल्बर्ट एक्का चौक पर दिखा बंद का असर
झारखंड बंद का सबसे ज्यादा असर अल्बर्ट एक्का चौक और उसके आसपास के इलाकों में देखने को मिला. यहां लगभग सभी दुकानें बंद रहीं. कुछ दुकानें जो खुली थीं, उन्हें भी प्रदर्शनकारियों ने बंद करा दिया. चौक के पास रस्सी लगाकर सड़क को पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे मेन रोड से आने वाले वाहनों को प्लाजा रोड की ओर मोड़ना पड़ा.
करमटोली चौक पर जाम की स्थिति
करमटोली चौक पर प्रदर्शन और भी उग्र नजर आया. यहां प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया और सड़क पर बैठकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया. इसके कारण इलाके में लंबा जाम लग गया और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
पुलिस-प्रशासन अलर्ट, जनता परेशान
झारखंड बंद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा. राजधानी के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. बंद के कारण सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हुआ, जिससे स्कूली छात्र, ऑफिस जाने वाले लोग और आम नागरिक परेशान दिखे. कुल मिलाकर, आज का दिन रांची के लिए काफी कठिन रहा.
