गढ़वा में डैम में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा: नगर उंटारी थाना क्षेत्र के बभनी खांड़ डैम में डूबने से दो बहनों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की शिनाख्त श्यामबिहारी उरांव की पुत्री सुमित्रा कुमारी (13) और अशोक उरांव की पुत्री मनीषा कुमारी (12) के रूप में हुई है।

दोनों चचेरी बहन हैं। घटना शुक्रवार की है। दोनों बहनें होली क्रॉस मध्य विद्यालय नया खेड़ा में कक्षा दो की छात्राएं थीं।

बताया जाता है कि अशोक उरांव की पुत्री मनीषा कुमारी और श्यामबिहारी उरांव की पुत्री सुमित्रा कुमारी सुबह में ट्यूशन पढ़ने के बाद अपनी सहेलियों के साथ गाय चराने के लिए नयाखांड़ जंगल की तरफ गई हुई थी।

गाय चराने के दौरान गर्मी लगने पर सभी बच्चियां बभनी खांड़ डैम में स्नान करने लगी।

इसी क्रम में गहरे पानी में चले जाने के कारण सुमित्रा कुमारी और मनीषा कुमारी डूबने लगी।

दोनों को डूबता देख अन्य बच्चियों ने हो हल्ला किया तो नयाखांड़ के रामप्रवेश, विनोद, संतोष एवं रवींद्र ने आनन फानन में डैम में छलांग लगाकर उन्हें बचाने का भरपूर प्रयास किया।

लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों बच्चियों की डूबकर मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर नगर उंटारी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।

Share This Article