वीर बुली महतो को उचित सम्मान दिलाना हमारा संकल्प : सुदेश महतो

वीर बुली महतो की 241वीं जयंती पर सुदेश महतो ने उन्हें उचित सम्मान और ऐतिहासिक पहचान दिलाने का संकल्प लिया। आजसू पार्टी उनकी जन्मस्थली पर संस्था और प्रतिमा स्थापित करेगी।

News Aroma
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड के महान क्रांतिकारी और कोल विद्रोह के अग्रणी सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती शुक्रवार को सिल्ली स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वीर बुली महतो के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके वंशज प्रदीप कुमार महतो, गांव के युवाओं तथा उनके जीवन और संघर्ष पर शोध कर रहे सिल्ली कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर श्रीकांत महतो को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश ने कहा कि वीर बुली महतो जैसे महान क्रांतिकारियों का इतिहास किसी एक परिवार, समाज या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे झारखंड की साझा ऐतिहासिक विरासत है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत, शोषण और जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ जिस साहस और दृढ़ता के साथ संघर्ष किया, वह आज भी हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। उस दौर में न संसाधन थे और न सत्ता का संरक्षण, लेकिन अपने समाज, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा का अदम्य संकल्प था। उन्होंने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष का रास्ता चुना और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि झारखंड की अस्मिता, अधिकारों और आजादी के लिए संघर्ष करने वाले अनेक वीर नायकों को इतिहास में वह सम्मान और स्थान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। वीर बुली महतो का योगदान भी लंबे समय तक अपेक्षित पहचान से वंचित रहा। यह केवल किसी एक महानायक के साथ अन्याय नहीं, बल्कि झारखंड की ऐतिहासिक चेतना और संघर्षशील समाज के योगदान की अनदेखी है। झारखंड का इतिहास उन वीर सपूतों के संघर्ष के बिना अधूरा है, जिन्होंने जल, जंगल, जमीन और अपनी पहचान की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी।

सुदेश ने कहा कि नई पीढ़ी को अपने पुरखों के संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है। जिस समाज को अपने नायकों का इतिहास मालूम नहीं होता, वह अपने भविष्य की दिशा मजबूती से तय नहीं कर सकता। महापुरुषों की जयंती मनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों, संघर्ष और आदर्शों को सामाजिक चेतना का हिस्सा बनाना होगा। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों, सम्मान और पहचान की लड़ाई लड़नी होगी।

उन्होंने घोषणा की कि आजसू पार्टी वीर बुली महतो की ऐतिहासिक विरासत को उचित पहचान और सम्मान दिलाने के लिए ठोस पहल करेगी। उनकी जन्मस्थली सोनाहतु प्रखंड के लांदुपडीह पंचायत स्थित कोड़ाडीह गांव में जमीन चिह्नित कर एक संस्था स्थापित करने तथा उनकी प्रतिमा लगाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। साथ ही उनके जीवन, संघर्ष और बलिदान से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों का संकलन कर उन्हें व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने की पहल की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि वीर बुली महतो की वीरगाथा को इतिहास के हाशिये पर नहीं रहने दिया जाएगा। उनकी पहचान और योगदान को सम्मानजनक स्थान दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। झारखंड के महापुरुषों और आंदोलनकारियों को उनका उचित सम्मान मिलना ही चाहिए। यह किसी पर उपकार नहीं, बल्कि अपनी ऐतिहासिक विरासत के प्रति हमारा दायित्व है।

इस अवसर पर वीर बुली महतो के जीवन और संघर्ष पर शोध कर रहे सिल्ली कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर श्रीकांत महतो ने अपने शोध के आधार पर उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वीर बुली महतो ने क्षेत्र में हुए भूमिज विद्रोह में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

कार्यक्रम में केंद्रीय संगठन सचिव जयपाल सिंह, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष चित्तरंजन महतो, केंद्रीय सचिव सुशील महतो, लक्ष्मण महतो, मुखिया कन्हैया लोहरा, संबत बड़ाइक, सुभाष महतो, मनोज साव, शशि सोनार, शत्रुघ्न महतो, विकास महतो, गणेश महतो, बुधराम महतो, नवल किशोर महतो, महावीर महतो सहित बड़ी संख्या में आजसू पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Also read:कार्तिगई दीपम विवाद : तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी को अवमानना नोटिस ; शनिवार को दीप जलाने का आदेश

Share This Article