भारतीय निर्यातक अमेरिका में कारोबार बढ़ाने के लिए व्यापार सुविधा मंच का लाभ उठाएं : विकास खन्ना

मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना ने भारतीय कारोबारियों से अमेरिका में व्यापार बढ़ाने की अपील की। उन्होंने भारत से 50 अरब डॉलर के खाद्य उत्पाद निर्यात की क्षमता पर जोर दिया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

न्यूयॉर्क: मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना ने भारतीय निर्यातकों और उद्यमियों से अमेरिका में कारोबार बढ़ाने के लिए व्यापार सुविधा मंच का लाभ उठाने का आग्रह करते हुए कहा कि भारत में अमेरिका को 50 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के खाद्य उत्पादों का निर्यात करने की क्षमता है। खन्ना ने ‘इंडिया-यूएस ट्रेड फैसिलिटेशन पोर्टल’ के साथ साझेदारी की है। इस मंच का उद्देश्य भारतीय निर्यातकों और उद्यमियों को अमेरिका में कारोबारी अवसरों, सोर्सिंग साझेदारों तथा प्रमुख बाजार मंचों से जोड़ना है। व्यावसायिक भागीदारी बढ़ाने के माध्यम से यह मंच भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार के विस्तार तथा आर्थिक संबंधों को मजबूत करने का प्रयास करता है।
न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्यदूत बिनय प्रधान ने बयान में कहा, ‘‘ इंडिया-यूएसए ट्रेड फैसिलिटेशन पोर्टल भारतीय कारोबारों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने, द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करने और खाद्य निर्यात में वैश्विक अग्रणी बनने की भारत की महत्वाकांक्षा को आगे बढ़ाने में सक्षम बनाएगा।’’

प्रधान ने खन्ना को भारत के बेहतरीन प्रतिनिधियों में से एक बताते हुए कहा कि उन्होंने भोजन की सार्वभौमिक भाषा के माध्यम से भारत और दुनिया के बीच सेतु का निर्माण किया है। इस साझेदारी पर खन्ना ने कहा, ‘‘ मेरे लिए यह केवल भोजन तक सीमित नहीं रहा है। दुनिया तक पहुंचने वाला हर भारतीय उत्पाद हमारे किसानों के सपनों, हमारे उद्यमियों के समर्पण और हमारी संस्कृति के भाव को अपने साथ लेकर जाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मेरा सपना है कि भारत, अमेरिका को 50 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के खाद्य उत्पादों का निर्यात करे। यह केवल व्यापार का एक लक्ष्य नहीं बल्कि भारत की विरासत, नवाचार और उत्कृष्टता का उत्सव होगा।’’ इस वर्ष ‘टाइम’ पत्रिका द्वारा दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल किए गए खन्ना ने कहा कि यह मंच भारतीय कारोबारों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने, भरोसेमंद साझेदार खोजने और वैश्विक कंपनियों से सीखने में मदद कर सकता है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।