विराट कोहली का 100वां टेस्ट मैच दर्शकों के बिना होगा: PCA

News Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मोहाली: पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) के एक अधिकारी ने कहा कि बीसीसीआई भारत और श्रीलंका के बीच यहां चार मार्च से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिये दर्शकों को अनुमति नहीं देगा जो महान क्रिकेटर विराट कोहली का 100वां टेस्ट मैच भी होगा।

मोहाली में और इसके आसपास कोविड-19 के ताजा मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। साथ ही इस पहलू को भी ध्यान में रखा गया कि ज्यादातर भारतीय खिलाड़ी दूसरे टेस्ट के खत्म होने के बाद ‘बबल से बबल ट्रांसफर’ में अपनी अपनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीमों से जुड़ जायेंगे।

पीसीए के वरिष्ठ कोषाध्यक्ष आर पी सिंगला ने शनिवार को पीटीआई से कहा, ‘‘हां, बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) के दिशानिर्देशों के अनुसार टेस्ट मैच के लिये ड्यूटी पर रहने वाले लोगों के अलावा आम दर्शकों को अनुमति नहीं दी जायेगी। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मोहाली में और आसपास ताजा कोविड-19 मामले सामने आ रहे हैं इसलिये बेहतर होगा कि हम सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनायें। निश्चित रूप से प्रशसंकों को निराशा होगी क्योंकि मोहाली में अंतरराष्ट्रीय मैच करीब तीन साल के बाद हो रहा है। ’’

हालांकि पीसीए कोहली के चमकदार क्रिकेट करियर के इस शानदार मौके का जश्न मनाने के लिये पूरे स्टेडियम में ‘बिलबोर्ड’ लगा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम बड़े बिलबोर्ड लगा रहे हैं और हमारी पीसीए शीर्ष परिषद ने विराट को सम्मानित भी करने का फैसला किया है। हम बीसीसीआई के निर्देश के अनुसार इसे मैच के शुरू में करेंगे या फिर अंत में। ’’

Share This Article