
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद राज्य के कई हिस्सों में हिंसा, आगजनी और राजनीतिक टकराव की घटनाएं सामने आई हैं। कोलकाता, वीरभूम और आसनसोल समेत कई इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। हिंसा में अब तक कई लोगों की मौत और कई घायल होने की खबर है। प्रशासन ने कई संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है।
बीजेपी कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या
कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में बीजेपी कार्यकर्ता मधु मंडल की कथित तौर पर पिटाई के बाद मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बीजेपी के विजय जुलूस के दौरान कहासुनी हुई थी, जिसके बाद टीएमसी समर्थकों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मधु मंडल पर हमला किया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर बवाल हुआ और कई घरों में तोड़फोड़ की गई।
वीरभूम में टीएमसी नेता की गला रेतकर हत्या
वीरभूम जिले में टीएमसी नेता अबीर शेख की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। टीएमसी विधायक विधान माझी ने आरोप लगाया कि हमला बीजेपी समर्थित गुंडों ने किया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
आसनसोल में TMC दफ्तर में आग
आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कोर्ट मोड़ इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में मंगलवार देर रात आग लगा दी गई। यह दफ्तर वार्ड नंबर 53 की पार्षद मौसमी बोस का बताया जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि पूरा कार्यालय जलकर राख हो गया और पास की एक दुकान भी इसकी चपेट में आ गई।
आसनसोल उत्तर से बीजेपी विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान की जाएगी।
स्थानीय दुकानदार हरेकृष्ण बनर्जी ने बताया कि दुकान बंद करने के कुछ देर बाद आग लगने की सूचना मिली। जब वह लौटे तो देखा कि पार्टी कार्यालय से आग की लपटें उठ रही थीं। उनकी दुकान के बिजली सिस्टम को भी नुकसान पहुंचा है।
न्यू मार्केट में बुलडोजर एक्शन से दहशत
मंगलवार रात मध्य कोलकाता के ऐतिहासिक हॉग मार्केट और न्यू मार्केट इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बुलडोजरों के साथ पहुंचे लोगों ने कथित तौर पर टीएमसी के यूनियन कार्यालय को निशाना बनाया। देखते ही देखते कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया। इलाके में दहशत फैल गई और व्यापारियों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं।
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर घटना को लेकर नाराजगी जताई। वहीं टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थकों ने कई जगहों पर पार्टी कार्यालयों को निशाना बनाया है।
बीजेपी पर हिंसा भड़काने का आरोप
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी पर राज्य में हिंसा फैलाने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि बीजेपी समर्थकों ने न्यू मार्केट इलाके में दुकानों और पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की।
चुनाव आयोग सख्त
बढ़ती हिंसा को देखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राज्य प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर और केंद्रीय सुरक्षा बलों के अधिकारियों को लगातार पेट्रोलिंग और संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया है।
राज्य में चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और राजनीतिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

