कोलकाता : पश्चिम बंगाल के बर्धमान से कथित आतंकी कनेक्शन के मामले में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। हमीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद उसकी करीबी सहयोगी बताई जा रही अर्पिता सरकार को भी झारखंड के साहेबगंज से गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसटीएफ सूत्रों के अनुसार अर्पिता सरकार का हमीम मंडल के साथ घनिष्ठ संपर्क था और वह एक संगठित गिरोह का हिस्सा थी। जांच में सामने आया है कि अर्पिता को कथित तौर पर ‘हनीट्रैप’ के जरिए लोगों को फंसाने और अपहरण से जुड़े असाइनमेंट दिए जाते थे।
पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क के जरिए संवेदनशील जानकारी हासिल करने की साजिश रची जा रही थी। इससे पहले शुक्रवार को हमीम मंडल को बर्धमान के दुर्गापुर एक्सप्रेसवे के पास स्थित एक उच्चस्तरीय आवासीय परिसर ‘रेनेसां कॉम्प्लेक्स’ से गिरफ्तार किया गया था। प्रारंभिक जांच में उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संपर्क के संकेत मिलने का दावा किया गया है। अदालत ने हमीम को 14 दिनों की एसटीएफ हिरासत में भेज दिया है।


