दिल्ली में एक होटल में प्रेमी ने महिला की चाकू मारकर हत्या की

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके के एक होटल में 28 वर्षीय महिला की उसके प्रेमी ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी और इसके बाद आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के रहने वाले आरोपी और बिहार की रहने वाली महिला ने बुधवार शाम होटल प्रिंस में कमरा लिया था।

पुलिस के अनुसार, रात के दौरान व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला पर चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसने आत्महत्या करने के लिए जहर खा लिया। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह होटल के कर्मचारियों ने महिला को कमरे के अंदर खून से लथपथ पड़ा पाया। उसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आरोपी को अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने एक बयान में कहा कि लाहौरी गेट इलाके में स्थित एक होटल के कमरे में बृहस्पतिवार सुबह एक महिला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि एक पुरुष अचेत अवस्था में मिला।

पुलिस के अनुसार, लाहौरी गेट थाने को होटल प्रिंस में एक पुरुष और एक महिला के अचेत पड़े होने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उसने बताया कि महिला घायल अवस्था में मिली और उसके शरीर पर चाकू से वार के कई निशान थे, उसी स्थान पर एक पुरुष भी अचेत पाया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि पुरुष का फिलहाल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या के प्रयास का है। सही घटनाक्रम और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।