
Road Accident : राजधानी रांची के खरसीदाग ओपी क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार थार की चपेट में आने से एक 76 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। मृतक की पहचान तेतरी गांव निवासी जोसफ लुकस तिर्की (76) के रूप में हुई है। बताया गया कि वे तेतरी स्थित चर्च के समीप रिंग रोड पार कर रहे थे।
इसी दौरान तुपुदाना की ओर से तेज गति से आ रही काले रंग की थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि जोसफ लुकस तिर्की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही खरसीदाग ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के बाद चालक बिना रुके वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार थार व उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

