JSSC Excise Constable: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सफल अभ्यर्थियों की चिकित्सीय जांच का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहली सूची में करीब 1300 अभ्यर्थियों को मेडिकल टेस्ट के लिए चुना गया है।

आयोग के अनुसार, मेडिकल जांच 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक रविवार और सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर हर दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक सदर अस्पताल, रांची के ऑडिटोरियम में होगी। यह परीक्षा 12 अप्रैल 2026 को राज्य के आठ जिलों में आयोजित की गई थी। इससे पहले अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा ली जा चुकी है।
उत्पाद सिपाही के कुल 583 पदों के लिए यह प्रतियोगिता परीक्षा कराई गई है। आयोग ने बताया है कि मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थियों में रिक्त पदों के तीन गुना उम्मीदवारों को मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया है। जांच झारखंड राज्य पुलिस नियुक्ति नियमावली-2014 के प्रावधानों के तहत चयन पर्षद द्वारा कराई जाएगी।
यदि किसी अभ्यर्थी को मेडिकल जांच के निर्णय पर आपत्ति होगी, तो उसकी अपील एपेक्स मेडिकल बोर्ड में सुनी जाएगी। बोर्ड का फैसला अंतिम माना जाएगा। मेडिकल जांच के बाद प्रमाण-पत्रों का सत्यापन कर अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।
जो अभ्यर्थी तय तारीख पर मेडिकल जांच में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें 17 और 18 जुलाई 2026 को अंतिम मौका दिया जाएगा। इसके बाद किसी तरह का अतिरिक्त अवसर नहीं मिलेगा।


