रांची नगर निगम ने दो दुकानों को किया सील

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची नगर निगम से दुकान लेकर किराया नहीं देने वालों के खिलाफ सख्ती बरतनी शुरू हो गई है।

नगर आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को बहू बाजार ईस्टर्न सर्कल रांची के लाइसेंसधारी सत्येंद्र साहु और चुटिया बनस तालाब ईस्टर्न सर्कल के लाइसेंसधारी परवेज आलम के दुकान को सील कर दिया गया।

इन दोनों दुकानदारों को पूर्व में ही तीन नोटिस निर्गत कराया गया था। सील प्रक्रिया के दौरान बाजार शाखा के कर्मचारी, अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा प्रतिनियुक्त रांची नगर निगम के मजिस्ट्रेट और चुटिया थाना की पुलिस बल उपस्थित थी।

उल्लेखनीय है कि रांची नगर निगम के बाजार शाखा के द्वारा व्यावसायिक इलाकों में निगम द्वारा निर्मित दुकानों का आवंटन कर उनसे किराया प्राप्त किया जाता है।

प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी आवंटित दुकानों के किराये के भुगतान के लिए निगम स्तर पर मांग पत्र निर्गत किया गया, जिसके तहत कई दुकानदारों ने किराया का भुगतान किया।

जबकि, कुछ दुकानदारों ने निगम में किराया जमा करने की अभिरूचि नहीं दिखलाई है, जिसके कारण उन्हें नोटिस निर्गत किया गया।

किराया नहीं दिया तो दुकान सील कर आवंटन होगा रद्द

रांची नगर निगम द्वारा कई दुकानदारों को नोटिस निर्गत किया गया। इसके बावजूद दुकानदारों ने किराया जमा नहीं किया। जबकि, निर्धारित अंतराल के बाद तीन नोटिस निगम की ओर से दिया गया है, जिसमें दुकानदारों को निर्देश दिया गया है कि किराया ससमय जमा करें। ऐसा नहीं करने पर उनके दुकानों को सील कर उनका आवंटन रद्द कर दिया जाएगा।

मार्च तक चलेगा अभियान

रांची नगर निगम ने आवंटित किए गए दुकानों के दुकानदारों से कहा है कि जल्द से जल्द बकाया राशि जमा कराना सुनिश्चित करें।

क्योंकि, निगम की ओर से ऐसे दुकानदारों के खिलाफ यह अभियान मार्च तक चलेगा। इस अभियान के तहत किराया न जमा करने वाले दुकानों को सील कर दिया जाएगा।

Share This Article