झारखंड में आंधी के साथ झमाझम बारिश, रांची में हुई बर्फबारी

News Aroma Media
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान में बन रहे विक्षोभ का असर झारखंड में गुरुवार दोपहर बाद से दिखने लगा है।

गुरुवार को राज्य के उत्तरी भाग पलामू प्रमंडल तथा मध्य भाग यानी रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में गर्जन के साथ बारिश हुई। अगले तीन-चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

हजारीबाग जिले में दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।

झील के आस-पास कई पेड़ों के गिरने की सूचना है। शहर की बिजली गुल हो गई है। वही शहरी क्षेत्र के अलावा चरही व इचाक में तेज बारिश हो रही है।

रांची में जमकर बर्फबारी, लोगों ने उठाया आनंद

रांची जिले के पुदांग इलाके में बारिश के साथ जमकर बर्फ गिरे। यहां काफी मात्रा में ओला गिरने से ठंड बढ़ गई है। बच्चे और बड़ों ने ओलावृष्टि का आनंद भी उठाया।

कई कच्चे मकानों को नुकसान भी पहुंचा है। पूरे झारखंड का मौसम अचानक से बदल जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

पिछले कई दिनों से मौसम पूरी तरह से साफ हो गया था लेकिन एक बार फिर मौसम बिगड़ने से शरीर पर कंबल, शॉल और स्वेटर का दौर शुरू हो गया है। झारखंड में कई जगहों पर बारिश होने की सूचना है।

मौसम विभाग में पहले ही अलर्ट जारी कर रखा था की 25 और 26 फरवरी को रांची समेत झारखंड के सभी जिलों में बारिश और वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ है।

कल इन जिलों में बारिश होने की संभावना

मौसम विभाग ने कहा है कि आगामी 27 फरवरी को मौसम साफ हो जाएगा। मौसम विभाग ने बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, रांची, कोडरमा और पलामू जिले में बारिश की आशंका पहले ही जता दी थी।

मौसम विभाग ने यह भी सूचना दी है कि शुक्रवार को सरायकेला खरसावां, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, देवघर पश्चिमी सिंहभूम और दुमका जिले में बारिश हो सकती है।

अचानक बारिश के कारण ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि झारखंड पर नए पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा रहा है पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उससे सटे इलाके पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित हो रहे हैं यही वजह है कि झारखंड में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। अचानक बारिश के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

बिना मौसम बारिश होने से फसलों के नुकसान पहुंचने की भी आशंका बढ़ गई है। विशेषकर खेतों में सब्जियां प्रभावित हो सकती हैं।

आम के पेड़ पर मंजर आ रहे हैं, उन्हें नुकसान पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा है कि ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका के मद्देनजर लोग घरों से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। बारिश और आंधी के समय खुले में जाने से बचें।

Share This Article