BJP सांसद वरुण गांधी को कांग्रेस ने किया प्रपोज, कही यह बात

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Loksabha Election : गांधी परिवार के सदस्य और BJP नेता वरुण गांधी को कांग्रेस पार्टी (Congress Party) ने प्रपोज किया है। कहा है कि वह अब BJP छोड़कर कांग्रेस में आ जायें।

दरअसल, उत्तर प्रदेश (UP) के पीलीभीत से मौजूदा सांसद वरुण गांधी को BJP ने इस बार टिकट नहीं दिया है। उनकी जगह पर BJP ने राज्य मंत्री जितिन प्रसाद (Jitin Prasad) को टिकट दिया है।

इस पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया है कि गांधी परिवार संबंध होने के कारण BJP ने वरुण गांधी को टिकट नहीं दिया है।

चौधरी ने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी में शामिल होने के लिए वरुण गांधी का बहुत स्वागत है। अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि वरुण को उनके गांधी परिवार से संबंध के कारण टिकट नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि वरुण को यहां आना चाहिए। हमें खुशी होगी। वह एक शिक्षित व्यक्ति हैं। उनकी साफ-सुथरी छवि है। मुझे लगता है कि उन्हें कांग्रेस में आना चाहिए।

पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे वरुण

गौरतलब है कि वरुण पिछले कुछ समय से अपनी ही पार्टी (BJP) के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे, जिसके बाद उनका टिकट कटना लगभग तय माना जा रहा था।

हालांकि, BJP ने सुल्तानपुर से वरुण की मां मेनका गांधी पर फिर भरोसा जताया है। ज्यादा समय नहीं हुआ है, जब वरुण गांधी को BJP का उभरता हुआ सितारा माना जाता था। लोग उनमें उनके पिता संजय गांधी की छवि देखते थे।

2016 में प्रयागराज में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले PM नरेंद्र मोदी और अमित शाह की तस्वीरों वाले वरुण गांधी के पोस्टर शहर भर में चर्चा का विषय बने थे।

सोशल मीडिया में भी इस तरह के अभियान चलाये जा रहे थे, जिसमें वरुण को उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर देखा जाने लगा था। वरुण गांधी उस समय अपने बयानों के कारण भी चर्चा में थे और कई बार उनके बयान पार्टी के खिलाफ थे। अब वरुण के राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें लगायी जा रही हैं।

उनके समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) या कांग्रेस में शामिल होने की भी अटकलें लगायी जा रही हैं, हालांकि अभी कुछ भी साफ-साफ कहना कठिन है।

Share This Article