फाल्गुन सुदी एकादशी को निशान अर्पण का विशेष धार्मिक महत्व
रांची : श्री श्याम संघ की ओर से 27 को अपर बाजार स्थित स्थानीय राधा वल्लभ मंदिर परिसर में फाल्गुन सुदी एकादशी के पावन अवसर पर भव्य फाल्गुन उत्सव और निशान शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर श्री श्याम संघ की ओर से विधिवत फाल्गुन उत्सव के पोस्टर का विमोचन गणेश मंत्रोच्चार के साथ किया गया। फाल्गुन सुदी एकादशी के दिन बाबा श्याम को पवित्र निशान अर्पित करने का अत्यंत विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और भक्ति से अर्पित किया गया निशान भक्तों के कष्टों को हरकर जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करता है।

संस्था के अध्यक्ष कमलेश संचेती ने बताया कि 27 फरवरी को प्रातः 7 बजे श्री राधा वल्लभ मंदिर से 401 पावन निशानों के साथ भव्य निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा अपर बाजार के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी, जहाँ श्याम भक्त विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा श्याम को पवित्र निशान अर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और श्याम नाम के जयघोष से संपूर्ण क्षेत्र को भक्तिमय बना देगी।
महोत्सव संयोजक विनायक पोद्दार ने बताया कि निशान कार्ड प्राप्त करने के लिए श्रद्धालु मोबाइल नंबर 8340503661, 9835162257, 9955453736 एवं 9835918837 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि रात्रि 7 बजे से श्री राधा वल्लभ मंदिर में बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार, नयनाभिराम झांकी, अखंड ज्योत, सवामनी, महाप्रसाद एवं फूलों की होली का विशेष आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर पटना की प्रसिद्ध भजन गायिका अर्चना गोस्वामी द्वारा भजनों की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे दरबार श्याम भक्ति में सराबोर रहेगा। दरबार की साज-सज्जा अनुभवी माली आकर्षक एवं भव्य रूप से करेंगे। रंग भरी एकादशी के अवसर पर भक्त बाबा श्याम के साथ गुलाल, अबीर एवं पुष्पों की होली खेलेंगे।
रात्रि 12 बजे के बाद बाबा श्याम को खीर एवं चूरमा का महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

संस्था के संरक्षक विष्णु लोहिया ने शहर के समस्त श्याम प्रेमियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में फाल्गुन उत्सव में सहभागी बनकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें।कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजित बैठक में संयोजक विनायक पोद्दार, उप संयोजक आशीष अग्रवाल सहित अनिल लोहिया, हरेंद्र अग्रवाल, मनोज काबरा, सौरभ कटारुका,संतोष लोहिया,मुकेश कटारुका,सुरेश शारदा,विकास अग्रवाल, प्रदीप खोवाल,ललित शर्मा, रूपेश लोहिया,रवि अग्रवाल,प्रवीण मंगल,भगवती हेतमसरिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।




