
Iftar Celebrations During Ramadan: रमजान के पवित्र महीने के मौके पर बुधवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में दावत-ए-इफ्तार (Daawat-e-Iftar) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन झारखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मंजूर
अंसारी के नेतृत्व में किया गया। इफ्तार के इस मौके पर झारखंड की खुशहाली, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और सभी ने मिलकर रोजा खोला।
कई बड़े नेता कार्यक्रम में हुए शामिल
इफ्तार कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और JMM के मंत्री हफीजुल हसन सहित गठबंधन के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक साथ इफ्तार किया और राज्य में शांति, भाईचारा और खुशहाली की कामना की।
अतिथियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान रांची महानगर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष हुसैन खान ने सभी अतिथियों और रोजेदारों का टोपी और गमछा देकर स्वागत किया।
इफ्तार से पहले मौलवी ने दुआ पढ़ी और झारखंड में शांति, तरक्की और लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान माहौल काफी सौहार्दपूर्ण और धार्मिक भावनाओं से भरा हुआ था।
गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी झलक
मंजूर अंसारी ने कहा कि कांग्रेस भवन में आयोजित इस इफ्तार पार्टी में गंगा-जमुनी तहजीब की झलक साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोग मिलकर ऐसे पर्व-त्योहार मनाते हैं, जिससे आपसी प्रेम और एकता मजबूत होती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि रमजान का महीना संयम, सब्र और इंसानियत का संदेश देता है। रोजा रखने से व्यक्ति के अंदर आत्मिक शुद्धि आती है और इससे स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में भाईचारे और एकता को और मजबूत बनाते हैं।
