
Woman Stabbed to Death due to Unrequited Love : बिहार की राजधानी पटना में एकतरफा प्यार में सनकी आशिक द्वारा एक शादीशुदा महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना जक्कनपुर थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी की है, जहां इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय मुन्नी देवी, पति संतोष कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी राजा रविवार शाम करीब 4 बजे महिला के घर पहुंचा और अचानक चाकू से हमला कर दिया। उसने महिला पर 12 से अधिक वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।
घटना के दौरान मृतका की नाबालिग बेटी ने अपनी मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया। बच्ची के हाथ में चोट आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पहले अक्सर महिला के घर आता-जाता था, लेकिन पिछले एक सप्ताह से बच्चों ने उसे घर आने से मना कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना के बाद पड़ोसियों की मदद से महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मामले को लेकर एसडीपीओ-2 रंजन कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।
